Jhalawar news : झालावाड़ खानपुर थाना क्षेत्र के गोल्यां खेड़ी गांव के समीप स्टेट हाईवे पर कार की टक्कर से एक पैदल धार्मिक यात्री की मौत (death of religious pilgrim) हो गई। मृतक रामभरोस पुत्र कंवर लाल पनवाड़ थाना क्षेत्र के आलनपुर गांव का रहने वाला था। शुक्रवार सुबह खानपुर पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। खानपुर पुलिस ने आलनपुर गांव से करीब 100 यात्रियों का जत्था पैदल यात्रा कर कामखेड़ा बालाजी धाम जा रहा था। इन यात्रियों में रामभरोस भी शामिल था, जो पीछे-पीछे झंडा साथ में लेकर चल रहा था लेकिन गोल्यां खेड़ी गांव के समीप स्टेट हाईवे पर एक तेज रफ्तार कार ने रामभरोस को टक्कर मार दी,और मौके से फरार हो गई। इस दुर्घटना में रामभरोस गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे मौके पर मौजूद बाकी यात्रियों ने उपचार के लिए खानपुर अस्पताल पहुंचाया।

लेकिन उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे खानपुर से झालावाड़ एसआरजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। एसआरजी अस्पताल पहुंचने पर यहां आपातकालीन विभाग में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल चौकी पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा कर मामले में आगे की कार्रवाई के लिए खानपुर थाना पुलिस को सूचित किया। खानपुर थाना पुलिस शुक्रवार सुबह झालावाड़ अस्पताल पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।