छबड़ा। पूर्व मंत्री एवं भाजपा विधायक प्रताप सिंह सिंघवी ने बिना किसी कारण के अधिकारियों द्वारा व्यापारियों को परेशान करने का आरोप लगाया। सोमवार को एक बयान जारी कर सिंघवी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा त्योहारों को देखते हुए ‘शुद्ध के लिए युद्ध’ अभियान का संचालन किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य त्योहारों पर आमजन को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाना है। लेकिन सरकार द्वारा मिलावट के खिलाफ चलाए गए अभियान ‘शुद्ध के लिए युद्ध’ के नाम पर अधिकारियों द्वारा व्यापारियों को नाजायज परेशान किया जा रहा है और धमकाया जा रहा है। ऐसे में जरूरी है कि यदि कोई अधिकारी इस अभियान की आड़ में ऐसा कर रहा है तो सरकार व्यापारियों की शिकायत पर उसके खिलाफ कार्रवाई करे।

सिंघवी ने कहा कि सरकार को मिलावट—खोरों खिलाफ कार्रवाई करें, लेकिन कार्रवाई के नाम पर व्यापारियों को परेशान न किया जाए। जांच दल बाजार में ऐसा माहौल बनाएं जिससे व्यापारियों को कोई परेशानी न उठानी पड़े।