Spread the love
  • क्रिश जायसवाल 

छीपाबड़ौद । भारत स्काउट गाइड नई दिल्ली के तत्वावधान में और राजस्थान की मेजबानी में आयोजित 18वीं भारत स्काउट गाइड जंबूरी में भाग लेकर स्काउट्स, स्काउटर गणेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में सकुशल घर लौटे। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय छीपाबड़ोद के प्रधानाचार्य  विक्रम सिंह और विद्यालय परिवार द्वारा समस्त स्काउट्स व स्काउटर का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। सम्मान समारोह व युवा दिवस कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता श्री देशराज मीणा ने किया। स्काउटर गणेश कुमार वर्मा ने बताया कि इस ऐतिहासिक जंबूरी में 37000 स्काउट्स एंड गाइड्स ने हिस्सा लिया।जंबूरी का आगाज वायु सेना के फाइटर जेट्स विमानों की कलाबाजियों के साथ महामहिम राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने किया। स्थानीय विद्यालय के 9 विद्यार्थी इस ऐतिहासिक कार्यक्रम की सभी गतिविधियों में शरीक हुए और बैज , प्रमाण पत्र प्राप्त किए। 4 जनवरी से 10 जनवरी 2023 तक चलने वाले इस कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, शिक्षा मंत्री श्रीमान बीडी कल्ला, राज्यपाल कलराज मिश्र समय-समय पर शिरकत करते रहे। स्टेट चीफ कमिश्नर श्री निरंजन आर्य के सानिध्य में जंबूरी की व्यवस्थाएं शानदार रही।संप्रदाय ,क्षेत्रवाद, भाषावाद जातिवाद आदि से ऊपर उठकर भाईचारा और प्रेम को दर्शाने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। जंबूरी,शांति के साथ उन्नति और विविधता में एकता का प्रतीक का यह त्यौहार बहुत ही हर्ष और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। जहां विभिन्न राज्यों और देशों के लोगों में भाईचारा देखने को मिला और एक दूसरे से मिलने और मित्रता करने का सुनहरा मौका मिला। 18वीं राष्ट्रीय जंबूरी सेवा भावना के साथ एक दूसरे की मदद करने का अपने आप में एक ऐतिहासिक वैश्विक पर्व है। विभिन्न राज्यों की झांकियों के साथ देश की संस्कृति के अनेक रंग देखने का अवसर मिला। रात्रि हाईक के साथ ही दिन के दौरान बाल चरों को जोधपुर के ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करने का मौका मिला जिसमें मेहरानगढ़ ,उम्मेद भवन, कायलाना झील, जूलॉजिकल पार्क, राणकपुर जैन मंदिर, ओसियां आदि के दर्शन किए। कार्यक्रम के समापन में केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, शिक्षा मंत्री, तथा राज्य के विभिन्न मंत्रियों ने शिरकत की। युवा दिवस तथा स्वामी विवेकानंद जी के जन्म दिवस के मौके पर आज प्रधानाचार्य विक्रम सिंह के द्वारा स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। अपने विचार व्यक्त करते हुए प्रधानाचार्य ने बताया कि आज ही के दिन स्वामी विवेकानंद जी का जन्म हुआ था और आज ही हमारे विद्यालय के स्काउट युवा जंबूरी से लौटे हैं यह एक अच्छा संयोग है। उठो ,जागो और लक्ष्य को प्राप्त करो का संदेश दिया। सन 1979 की जंबूरी के स्वयं के अनुभव भी प्रधानाचार्य के द्वारा बताए गए। व्याख्याता लोकेश नागर व राकेश शर्मा ने भी विवेकानंद जी पर अपने विचार व्यक्त किए। श्रीमान प्रिंसिपल ने एनसीसी ट्रेनर फौजी भाई का भी माल्यार्पण कर स्वागत किया। गौरतलब है कि वरिष्ठ अध्यापक नरेंद्र नागर विद्यालय में एनसीसी और खेल प्रभारी है। जो कि खेलकूद की विभिन्न गतिविधियां और एनसीसी की गतिविधियां पूर्ण मनोयोग से संचालित कर रहे हैं ।स्काउटर गणेश कुमार वर्मा ने सम्मान करने के लिए प्रिंसिपल साहब , समस्त स्टाफ और विद्यालय परिवार काआभार और साधुवाद व्यक्त किया।