बारां- 28 अप्रैल। शहर के अटरू रोड़ स्थित बंकट व्यायामशाला के सदस्य व मिक्स मार्शल आर्ट में स्वर्ण पदक जीतने वाले अमर सिंह का झालावाड़- बारां सांसद दुष्यंत सिंह व लटूरी गौशाला के संत रामदास महाराज ने गुरुवार को स्वागत व सम्मान किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप सम्मिलित हुए सांसद दुष्यंत सिंह ने कहा कि हमारे पारम्परिक खेलों को अखाड़ों एवं व्यायामशालाओं द्वारा पुनः जीवंत रूप दिया जा रहा है। सांसद सिंह ने जिले का मान बढ़ाने वाले गोल्ड मेडलिस्ट अमर सिंह को बधाई दी और माल्यार्पण कर सम्मान किया। लटूरी गौशाला के संत रामदास महाराज ने कहा कि अखाड़े एवं व्यायामशालाएं सनातन धर्म व सभ्यता की रक्षार्थ हमेशा समर्पित रही है जिनमें कई प्रतिभाएं उभरकर सामने आती है। इस मौके पर बंकट व्यायाम शाला व विभिन्न अखाड़ों के कार्यकर्त्ताओं ने संतश्री का स्वागत कर आशीर्वाद लिया। तथा सांसद सिंह को कृपाण भेंटकर तथा अतिथियों का साफाबंदी कर सम्मान किया। इस मौके पर सांसद सिंह, संत श्री रामदास महाराज, भाजपा जिला अध्यक्ष जगदीश मीणा, भाजपा शहर अध्यक्ष महावीर नामा, बंकट व्यायामशाला अध्यक्ष भुवनेश सोनी, संरक्षक ओमप्रकाश शर्मा, हनुमान व्यायामशाला से उस्ताद मोहनलाल, महावीर व्यायाम शाला से उस्ताद रामस्वरूप बैरवा, सार्वजनिक व्यायाम शाला से नेमीचंद, फतेहपुर से महाराज बृजनंदन मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा शहर अध्यक्ष महावीर नामा ने किया।