- माजिद राही
छबड़ा । छबड़ा विधायक व पूर्व मंत्री प्रतापसिंह सिंघवी द्वारा विधानसभा में वर्ष 2021 व 2022 में बाढ एवं बरसात से रबी एवं खरीफ की फसलो को हुए नुकसान की जानकारी आपदा प्रबंधन सहायता एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग से विधानसभा में मांगी गई थी, जिसके अन्तर्गत खरीफ फसल वर्ष 2021 में बाढ से प्रभावित किसानो की संख्या 45332 बताई गई है तथा इनको 24.19 करोड रूपये का भुगतान किये जाने की जानकारी सरकार ने दी है तथा वर्ष 2022 में बाढ से प्रभावित 1 लाख 33 हजार 354 किसानो को एस.डी.आर.एफ. के अनुसार मुआवजा मिलने की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। विधायक सिंघवी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने शुरू से ही किसानो के साथ धोखा किया। किसानो के 2 लाख रूपये के कर्ज माफी के नाम पर वोट लेकर सत्ता में आई, परन्तु कर्जमाफी तो दूर किसानो को कभी भी फसलो का मुआवजा समय पर नही दिया। प्रदेश का किसान कांग्रेस सरकार की कथनी और करनी से अच्छी तरह वाकिब हो चुका है और आने वाले विधानसभा चुनावो में किसान कांग्रेस सरकार को इसका जवाब देगा।