आगरा की आवास विकास कॉलोनी में पति-पत्नी और बेटी की आत्महत्या के मामले में चौंकाने वाली बात सामने आई है। पुलिस को घर में छानबीन के दौरान एक कॉपी में सुसाइड नोट लिखा मिला है। यह सुसाइड नोट मृतक की पत्नी द्वारा लिखाया गया है। जिसके अनुसार पति सोनू पत्नी गीता और बेटी सृष्टि पर आत्महत्या करने के लिए दवाब बना रहा था। पुलिस इसकी जांच कर रही है।

थाना सिकंदरा क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर 10 निवासी सोनू, उसकी पत्नी गीता, आठ साल की बेटी सृष्टि और 10 साल का बेटा श्याम घर में रहते थे। मंगलवार रात को सभी सोए थे। बेटा श्याम सुबह जागा तो उसने पिता, मां और बहन के शव फंदे से लटके देख। इसके बाद परिजनों को घटना का पता चला। परिजनों ने तीनों को नीचे उतारा, तब उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सेक्टर 10 के रहने वाले रणधीर शर्मा ट्रांसपोर्ट नगर में बस की बॉडी बनाने का काम करते हैं। उनके बेटे सोनू ने पत्नी और बेटी के साथ फांसी लगाकर घर में आत्महत्या कर ली। पुलिस ने घर में छानबीन की। इस दौरान एक जगह कॉपी पर लिखे सुसाइड नोट बरामद हुए। दो पेज के सुसाइड नोट में आत्महत्या के पीछे आर्थिक तंगी और बेरोजगारी को जिम्मेदार ठहराया है। सुसाइड नोट में लिखा है कि जब से हरिद्वार से आगरा आए हैं। कोई काम नहीं कर रहे हैं। घरवालों पर बोझ बने हुए हैं। पत्नी की तरफ से लिखा गया है कि यह कहते हैं कि आत्महत्या कर लो, अगर नहीं करोगे तो मैं मार दूंगा। सुसाइड नोट में गीता का नाम लिखा हुआ है। अंगूठा भी लगाया गया है।